सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताया, दुबई के निवेशकों की क्या मदद करेगी सरकार, क्यों करें एमपी में निवेश
• मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13-19 जुलाई तक दुबई-स्पेन की यात्रा पर
• यात्रा के पहले दिन CM ने दुबई के निवेशकों और भारतीय समुदाय से की चर्चा
• पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लगातार विकास कर रहा मध्यप्रदेश
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 जुलाई तक दुबई-स्पेन की यात्रा पर हैं। 13 जुलाई की शाम उन्होंने दुबई के जेडब्ल्यू मैरियट मार्क्विस होटल में इंडियन डायसपोरा एंड फ्रेंड्स ऑफ एमपी इंटरेक्शन सेशन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दुबई मध्यप्रदेश के लोगों के लिए एक तरह से दूसरी मां के समान है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। राज्य सरकार ने उद्योग केंद्रित पारदर्शी नीतियां लागू की हैं। यहां उद्योगपतियों को निवेश करने और इंडस्ट्री शुरू करने के लिए सिंगल विंडो फैसिलिटी प्रदान की जा रही है। उद्योग स्थापित करने वालों को बिजली कनेक्शन में छूट, श्रमिक वेतन में ₹5000 प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि निवेशकों को कागज़ी कार्यवाही में न उलझाकर मैदान में उतारा जाए।
मध्यप्रदेश आमंत्रित कर रहा निवेशकों को
सीएम ने बताया कि रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) के माध्यम से प्रदेश को अब तक लगभग 30 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा –
“आप आइए और सभी क्षेत्रों में उद्योग स्थापित कीजिए, सरकार आपके साथ है।”
हीरे, अवसर और नेतृत्व की बात
मुख्यमंत्री ने कहा:
“प्रदेश के पन्ना में हीरा मिलता है, लेकिन मध्यप्रदेश के हीरे दुबई में भी मिल रहे हैं। उद्योगपति मौसम विज्ञानी की तरह हवा का रुख पहचानते हैं। प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व देश को आगे ले जा रहा है।”
उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की नैतिकता और प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं जैसे 4 करोड़ पक्के मकान और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन जैसी उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए भारतीय नेतृत्व की सराहना की।
भारतीय संस्कृति की मिठास: “दूध में शक्कर”
मुख्यमंत्री ने कहा,
“भारतीय लोग दूध में शक्कर की तरह घुल जाते हैं और दुनियाभर में मिठास फैलाते हैं।”
उन्होंने दुबई के स्वामीनारायण मंदिर का उदाहरण देकर भारत की समावेशी संस्कृति और वसुधैव कुटुंबकम की भावना को उजागर किया। यूएई में मध्यप्रदेश के प्रवासी आज कई लोगों को रोजगार दे रहे हैं।
श्री नरेश भावनानी की प्रेरणादायक कहानी
सीएम ने मंदसौर से दुबई आकर टेक्सटाइल सेक्टर में बड़ा उद्योग खड़ा करने वाले श्री नरेश भावनानी का उदाहरण देकर बताया कि पुरुषार्थ ही सफलता की कुंजी है।
अधिकारियों ने बताए एमपी के अवसर
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पर्यटन पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
भारतीय महावाणिज्यदूत सतीश सिवन ने बताया कि यूएई में 44 लाख भारतीय रहते हैं और मध्यप्रदेश उनके दिल में बसता है।
प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने बताया:
- मध्यप्रदेश सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला राज्य है
- रीजनल इन्वेस्टर्स समिट और GIS से 30 लाख करोड़ का निवेश
- प्रदेश में 18 नई औद्योगिक नीतियाँ लागू, जो देश में सर्वश्रेष्ठ हैं
रोड-एयर कनेक्टिविटी और औद्योगिक माहौल
अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने कहा कि:
- MP की सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी बेहतरीन है
- प्रदेश में 5 लाख किमी रोड नेटवर्क
- कृषि, वन और औद्योगिक क्षेत्रों में अग्रणी
- 13 देशों के साथ साझेदारी में काम कर रही राज्य सरकार