पीएम मोदी करेंगे देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन, मध्यप्रदेश को मिलेगी बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अगस्त को मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर में देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन करेंगे। यह प्रदेश के लिए एक और बड़ी विकास सौगात होगी। जहां देश के अन्य राज्य अभी प्रारंभिक तैयारियां कर रहे हैं, वहीं मध्यप्रदेश में इसका भूमिपूजन भी होने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क के निर्माण से पूरे मालवा क्षेत्र को औद्योगिक विकास के नए अवसर मिलेंगे। धार अब पीथमपुर की तरह एक बड़ा औद्योगिक केंद्र बनेगा। इस पार्क से कपास उत्पादक किसानों को लाभ और लगभग 3 लाख लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। बदनावर क्षेत्र इंदौर मेट्रोपॉलिटन सिटी एरिया में शामिल होकर मेट्रोपॉलिटन सुविधाओं का लाभ उठाएगा, और निवेशकों को फोर लेन रोड, रेल व एयर कनेक्टिविटी मिलेगी।
कार्यक्रम की तैयारियां और निर्देश
सीएम डॉ. यादव ने अधिकारियों से भूमिपूजन और जनसभा की पूरी तैयारियों का जायजा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लिया। उन्होंने जनसभा में किसानों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, प्रतिभागियों के सुगम आगमन, वैकल्पिक मार्ग, मार्ग मरम्मत, सुरक्षा, पेयजल और मंच व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तृत निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क इस क्षेत्र के किसानों और श्रमिकों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और उद्योगों से मिलने वाले लाभ की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
रोजगार और स्किल डेवलपमेंट पर जोर
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में कारीगरों और बुनकरों के लिए ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट व स्किल डेवलपमेंट सेंटर शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि पार्क में आने वाले उद्योगों के लिए कुशल श्रमशक्ति उपलब्ध हो। उन्होंने श्रमिक आवास और चारों दिशाओं से कनेक्टिविटी बढ़ाने के प्रयास भी तेज करने को कहा। बदनावर से थांदला रोड, उज्जैन एयरपोर्ट (70 किमी दूरी) और इंदौर इंटरनेशनल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी इस क्षेत्र को और मजबूत करेगी।
पीएम मित्रा पार्क – भारत का अगला टेक्सटाइल हब
धार में बन रहा पीएम मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल (PM MITRA) पार्क 2,158 एकड़ में फैला होगा, जिसकी लागत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक है। यह अत्याधुनिक अधोसंरचना, सतत विकास और नीति समर्थन के साथ एक प्रमुख टेक्सटाइल हब बनेगा। “फार्म से फाइबर से फैक्ट्री से फैशन से फॉरेन” की 5F अवधारणा पर आधारित यह पार्क 1 लाख प्रत्यक्ष और 2 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित करेगा।
पार्क में 20 एमएलडी कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, श्रमिक आवास, 10 एमवीए सोलर पावर प्लांट, 81 प्लग-एंड-प्ले यूनिट्स, स्टीम बॉयलर और आधुनिक यूटिलिटी सिस्टम जैसी सुविधाएं होंगी।
निवेश और प्रगति
राज्य सरकार और केंद्र के वस्त्र मंत्रालय के बीच एमओयू साइन हो चुका है, और “पीएम मित्रा पार्क मध्यप्रदेश लिमिटेड” एसपीवी का गठन किया गया है। 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। कई प्रमुख औद्योगिक संस्थाओं के साथ एमओयू हुए हैं। वर्तमान में 60% साइट लेवलिंग और मुख्य द्वार का निर्माण पूरा हो चुका है।
मंजूरी और क्रियान्वयन
एमपीआईडीसी को परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है। यह पार्क निवेशक मित्र नीतियों और विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ भारत के वस्त्र उद्योग को नई ऊंचाई देगा।