प्राचीन सभ्यताओं के संवाहक हैं भारत और स्पेन, अब औद्योगिक विकास में करेंगे साझेदारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
स्पेन के निवेशकों को देंगे वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
बेहिचक म.प्र. से जुड़िए और हमारी 18 हाईटेक औद्योगिक नीतियों का लाभ लें
निवेश के लिए बढ़ाया गया हर कदम व्यापार-व्यवसाय में होगा मील का पत्थर साबित
म.प्र. में हर सेक्टर में हैं बड़ी संभावनाएं
मध्यप्रदेश निवेशकों को केपिटल रिटर्न देने में पीछे नहीं रहेगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मैड्रिड में इन्वेस्ट इन एमपी बिजनेस फोरम मीट में संबोधन
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत और स्पेन दो प्राचीन सभ्यताओं के संवाहक हैं। दोनों देशों ने नैतिक मूल्यों के आधार पर अपनी पुरा संस्कृति को आगे बढ़ाया है। दोनों देश जुड़वा भाईयों की तरह हैं। अब विकास के मामले में भी हम मिलकर आगे बढ़ेंगे। संस्कृति के साथ-साथ तकनीक में भी स्पेन की एक अलग ही पहचान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को स्पेन की राजधानी मैड्रिड में इन्वेस्ट इन एमपी बिजनेस फोरम मीट को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश भारत का सबसे तेजी से विकासशील प्रदेश है। यहां निवेश करना नि:संदेह फायदे का सौदा है। उन्होंने निवेशकों को मध्यप्रदेश की बेजोड़ खूबियां बताते हुए कहा कि यदि आप भारत में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो एक बार मध्यप्रदेश अवश्य आइये, मध्यप्रदेश को भूल नहीं पाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में खनिज, पर्यटन, बड़े उद्योग, फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री, तकनीकी विकास से जुड़े उद्योग स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। भारत में एमपी टूरिज्म सबसे तेजी बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भरपूर भू-संपदा उपलब्ध है, जिसमें नई तकनीक का इस्तेमाल करने से विकास की अपार संभावनाएं हैं। मध्यप्रदेश, भारत के मध्य क्षेत्र में स्थित है, इसलिए हम लॉजिस्टिक सेक्टर में अग्रणी बनने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। अगर आप भारत के किसी और राज्य में भी उद्योग स्थापित करते हैं, तब भी आपको मध्यप्रदेश की आवश्यकता जरूर पड़ेगी। मध्यप्रदेश आंतरिक सड़कों, नेशनल हाईवेज, रेल और हवाई मार्ग से देश-विदेश से जुड़ा है। मध्यप्रदेश सभी सेक्टर्स में तेजी से आगे बढ़ने वाला भारत का राज्य बना है। हम अपने देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में भी अपनी भूमिका बखूबी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में फूड प्रोसेसिंग, सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी, एग्री बेस्ड इंडस्ट्री और टेक्सटाईल सेक्टर में बड़ी संभावनाएं हैं। हम सभी सेक्टर्स में यहां आने वाले निवेशकों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं देने की क्षमता रखते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेशकों से आग्रह किया कि सुरक्षित निवेश के लिए आप बेहिचक मध्यप्रदेश से जुड़िए। हमारी 18 प्रकार की हाईटेक औद्योगिक नीतियों का लाभ लें। मध्यप्रदेश निवेशकों को केपिटल रिटर्न देने में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश की विकासशीलता ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को भी प्रभावित किया है। मध्यप्रदेश में निवेश करने पर भारत सरकार की ओर से भी देशी-विदेशी निवेशकों को कई तरह की रियायतें दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में मेडिकल कॉलेजेस की संख्या भी तेजी से बढ़ाई जा रही है और नई मेडिकल डिवाईसेस के लिए देशी और विदेशी कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं। अब मध्यप्रदेश में मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिल रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्पेन की शांतिप्रियता, सामुदायिक विकास, तकनीक के इस्तेमाल और फुटबॉल प्रेम ने भी यहां की अर्थव्यवस्था को बेहद मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि स्पेन आर्थिक व्यापार के मामले में भारत का छठा सबसे बड़ा साझेदार है। वर्तमान में स्पेन के साथ 9.32 बिलियन डॉलर का व्यापार हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्पेन के निवेशकों द्वारा मध्यप्रदेश में निवेश के लिए बढ़ाया गया हर एक कदम व्यापार-व्यवसाय के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम में उपस्थिति:
मुख्यमंत्री के सचिव एवं एमडी टूरिज्म डॉ. इलैया राजा टी, एमडी एमपीआइडीसी श्री चंद्रमौली शुक्ला, फ्रेंड्स इन एमपी इन स्पेन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में उद्योगपति और निवेशक।
म.प्र. में हॉस्पिटैलिटी, वेलनेस और एडवेंचर टूरिज्म में निवेश के अवसर : प्रमुख सचिव पर्यटन श्री शुक्ला
मध्यप्रदेश, इतिहास और विरासत की भूमि है। भारत में स्थित यूनेस्को की 62 विश्व धरोहरों में से 18 मध्यप्रदेश में हैं। संस्कृति और आध्यात्म की दृष्टि से मध्यप्रदेश अत्यंत समृद्ध है। प्रदेश में 2 ज्योतिर्लिंग के साथ विश्व की प्राचीनतम नदियों में से एक माँ नर्मदा बहती है। यह स्थल पर्यटकों को अध्यात्म और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।
मध्यप्रदेश पर्यटन नीति 2025 की विशेषताओं को बताते हुए प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी, वेलनेस टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म आदि क्षेत्रों में निवेश के अवसर हैं।
अपार संभावनाओं का भरोसेमंद स्थल मध्यप्रदेश : प्रमुख सचिव श्री राघवेन्द्र सिंह
औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग के प्रमुख सचिव श्री राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश का भौगोलिक विस्तार, संसाधनों की उपलब्धता, कुशल मानव संसाधन और स्थिर नेतृत्व इसे उद्योगों के लिए आदर्श बनाते हैं।
2024 में भारत से स्पेन को 5.93 बिलियन यूरो का निर्यात हुआ, जिसमें मध्यप्रदेश का योगदान 58.5 मिलियन यूरो रहा। मुख्य निर्यात क्षेत्र: ऑर्गेनिक केमिकल्स, इलेक्ट्रिकल मशीनरी और वस्त्र।
शीर्ष नेतृत्व का संवाद निवेश की प्रतिबद्धता का संकेत है : श्री पटनायक
स्पेन में भारत के राजदूत श्री दिनेश कुमार पटनायक ने कहा कि राज्य सरकारें अपनी आर्थिक नीतियाँ स्वतंत्र रूप से तय करती हैं। मध्यप्रदेश तकनीक, एआई, उद्योग और नवीकरणीय ऊर्जा में तेजी से प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री का निवेशकों से संवाद, सुरक्षा और सहयोग का संकेत है।
मध्यप्रदेश भारत का नया टेक हब : अपर मुख्य सचिव श्री दुबे
अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे ने कहा कि भोपाल और इंदौर जैसे शहर भारत की तकनीकी दिशा तय कर रहे हैं। राज्य रिन्युएबल एनर्जी और ग्रीन एनर्जी में अग्रणी है। राज्य में विशेष तकनीकी नीतियाँ लागू की गई हैं जैसे ड्रोन नीति, एवीजीसी, सेमीकंडक्टर, ईएसडीएम नीति, और शीघ्र ही स्पेस टेक नीति भी।
म.प्र. निवेश के लिए अत्यंत आकर्षक गंतव्य : एफसीईआई अध्यक्ष श्री जुआन
एफसीईआई अध्यक्ष श्री जुआन ने मध्यप्रदेश को निवेश के लिए अत्यंत आकर्षक गंतव्य बताया। उन्होंने अक्षय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल, वस्त्र, खाद्य प्रसंस्करण और स्वास्थ्य सेवाओं में संभावनाएं बताईं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व की भी प्रशंसा की।
संबंधों को मिलेगी नई दिशा : डॉ. खाड़े
जनसम्पर्क सचिव डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य ने व्यापार, पर्यटन, संस्कृति और खेल में उल्लेखनीय प्रगति की है। यह दौरा भारत-स्पेन संबंधों को नई दिशा देगा और दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूती देगा।