मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश स्टार्ट-अप समिट 2026 में उद्यमियों से की राउंड टेबल बैठक में संवाद
भोपाल, 12 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के नवाचारी विचारों और सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहयोग करने को प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश की स्टार्ट-अप नीति को सभी आवश्यकताओं और वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि उद्यमियों को आसानी से आगे बढ़ने का अवसर मिले।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत @2047’ की संकल्पना को साकार करने के लिए प्रदेश में सभी व्यवस्थाएं उसी दिशा में संचालित की जा रही हैं। मध्यप्रदेश के युवा अपनी पहल, नवाचार और मेहनत से न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज रवींद्र भवन के प्रतिकक्ष आयोजित राउंड टेबल मीटिंग में मध्यप्रदेश स्टार्ट-अप समिट 2026 के प्रतिभागियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को मजबूत बनाने, निवेश के अवसर बढ़ाने और युवा उद्यमिता को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया।
बैठक में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप तथा मुख्य सचिव अनुराग जैन भी मौजूद थे। साथ ही बीएनआई भोपाल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रदीप करंबेलकर मॉडरेटर के रूप में उपस्थित रहे।
विभिन्न स्टार्ट-अप के प्रमुखों ने मुख्यमंत्री को अपने उद्यमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इनमें शामिल थे:
- अविष्कार कैपिटल के विनित राय
- इंश्योरेंस देखो के अंकित अग्रवाल
- आईवीकैप वेंचर्स की अंजू गुप्ता
- मेडीदेवा टेक्नोलॉजी के डॉ. विशेष कासलीवाल
- बेटी इनोवेटिव की संस्थापक पूजा दुबे पांडे
और अन्य उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा राज्य सरकार से अपेक्षित सहयोग पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने नवाचार को बढ़ावा देने और स्टार्ट-अप्स को हर संभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया।
यह बैठक मध्यप्रदेश स्टार्ट-अप समिट 2026 (11-12 जनवरी) के दूसरे दिन हुई, जो राज्य को उभरते स्टार्ट-अप हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।